PATNA: पटना के दनियावां स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (पाटलिपुत्र सीमेंट वर्क्स) में बुधवार को मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया।
मजदूरों की मुख्य मांग केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू करने और वेतन में बढ़ोतरी की है। सीमेंट फैक्ट्री में का करने वाले मजदूरों का कहना है कि जितना वेतन मिल रहा है, उसमें परिवार का गुजारा करना बेहद मुश्किल हो गया है। अपनी इसी मांग को लेकर आज उन्होंने काम ठप किया है।
प्रदर्शन में शामिल मजदूर प्रमोद प्रसाद ने बताया कि नियम के अनुसार उन्हें प्रतिदिन 783 रुपये मिलने चाहिए, लेकिन उन्हें केवल 436 रुपये ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वेतन से पीएफ की कटौती और छुट्टियों का पैसा काटे जाने के कारण हाथ में आने वाली राशि और कम हो जाती है।
मजदूरों ने प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब भी वे अपनी मांगें उठाते हैं, तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। उनका आरोप है कि मामूली वेतन वृद्धि कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की जाती है।
वहीं, फैक्ट्री के एचआर हेड श्यामेंद्र दधीचि ने इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। हालांकि बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रबंधन ने मजदूरों से उनकी मांगों का लिखित आवेदन मांगा है। प्रदर्शनकारी मजदूर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।