Patna News: पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सोथा चक गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक जहरीले सांप ने झोपड़ी में सो रही मां और उसके दो बेटों को डस लिया। सर्पदंश के बाद दोनों बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी मां का पटना एम्स में इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बबलू मांझी की पत्नी सोनी कुमारी (40) अपने दो बेटों मोहित कुमार (10) और भृंगराज (5) के साथ एक ही झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने तीनों को डस लिया। सर्पदंश के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजन आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए नौबतपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। वहीं, सोनी कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से सदमे में हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरसात के मौसम में पानी से बचने के लिए सांप और अन्य जहरीले जीव अक्सर घरों और झोपड़ियों में घुस जाते हैं।