PATNA:पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस चुनाव में कुल 75 पार्षदों में से 73 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि दो पार्षद मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। वार्ड संख्या 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी और वार्ड 30 की पार्षद कावेरी सिंह मतदान प्रक्रिया में अनुपस्थित रहीं। निर्वाचित पार्षदों ने सशक्त स्थायी समिति के लिए अपना दावा प्रस्तुत किया।
मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित किया गया। मतगणना पूरी होने के बाद सशक्त स्थायी समिति के लिए 7 सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए गए।महापौर सीता साहू ने सभी विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। महापौर ने कहा कि सशक्त स्थाई समिति नगर निगम की रीढ़ होती है और इसके माध्यम से शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं।
उन्होंने सभी निर्वाचित सदस्यों से पटना के विकास और जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही सशक्त स्थायी समिति की पहली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पटना के विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना, सफाई व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए जाएंगे।
01: कुमार संजीत 39 मत — विजेता, पिंकी यादव 31 मत — उपविजेता
02: राजकुमार गुप्ता 38 मत — विजेता, रजनी सिन्हा 34 मत — उपविजेता
03: श्वेता राय 40 मत — विजेता, जीत कुमार 31 मत — उपविजेता
04: मुन्ना जायसवाल 40 मत — विजेता, सीमा वर्मा 32 मत — उपविजेता
05: सुनिता देवी- निर्विरोध निर्वाचित
06: अनीता देवी 36 मत — विजेता, जय प्रकाश सिंह 35 मत — उपविजेता
07: विनोद कुमार 43 मत — विजेता, मनोज मेहता 28 मत — उपविजेता।
(इस क्रम संख्या के एक अन्य पार्षद पूर्व में ही निर्विरोध समिति में मनोनीत किए जा चुके हैं।) चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद महापौर सीता साहू ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि "यह चुनाव क्रम संख्या की राजनीति का अंत और संपूर्ण पटना के सशक्तिकरण की शुरुआत है। सशक्त स्थाई समिति निगम की रीढ़ है। पटना के विकास को प्राथमिकता दें। महापौर ने कहा कि सशक्त स्थाई समिति की प्रथम बैठक आहूत की जाएगी, जिसमें विकास योजनाओं एवं जनहित के महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।