Bihar Cabinet Meeting:बुधवार को सीएम सचिवालय में कैबिनेट की बैठक हुई। सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 30 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी। बिहार के दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेन्द्र यादव सहित तमाम मंत्री बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ से परसा-संपतचक को जोड़ने का फैसला लिया गया। जिसे बनाने के लिए 82.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति कैबिनेट ने दे दी है। 


मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ से परसा-संपतचक पथ तक संपर्कता बढ़ाने के लिए नए सड़क निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस योजना पर कुल 82 करोड़ 25 लाख 77 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।


योजना के तहत मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ से 2-लेन डाउन रैम्प और परसा-संपतचक पथ के संरेखण में 2-लेन एट-ग्रेड सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके जरिए मीठापुर-सिपारा-महुली-पुनपुन परियोजना को परसा-संपतचक पथ से जोड़ा जाएगा।


नए सड़क मार्ग के निर्माण से मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर से परसा-संपतचक पथ तक सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे क्षेत्र में यातायात की सुगमता बढ़ने के साथ पटना शहर के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने की उम्मीद है।


योजना का कार्यान्वयन बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDC) के मुख्य महाप्रबंधक, पटना के माध्यम से कराया जाएगा।