PATNA: राजधानी पटना के कोतवाली थाना परिसर में अब जुम्मे की नमाज अदा नहीं की जाएगी। यह फैसला प्रशासन, मस्जिद कमेटी और स्थानीय लोगों के बीच हुई आपसी सहमति से लिया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना के पास स्थित कोतवाली मस्जिद में हर शुक्रवार बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचते हैं। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोग कोतवाली थाना परिसर में भी नमाज अदा करने लगते थे, जिससे थाने में आने वाले फरियादियों और आम लोगों के आवागमन में परेशानी होती थी।


इसी मामले को लेकर एक व्यक्ति ने सरकारी सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद विधि-व्यवस्था के एडिशनल एसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद, कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार, मस्जिद के इमाम और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपसी सहमति से यह निर्णय लिया गया कि अब कोतवाली थाना परिसर में जुम्मे की नमाज नहीं पढ़ी जाएगी और नमाज केवल मस्जिद परिसर में ही अदा की जाएगी।


वहीं, मस्जिद से जुड़े लोगों और नमाजियों ने अपील की है कि इस फैसले को किसी भी तरह का सियासी या सांप्रदायिक रंग ना दिया जाए। उनका यह कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह आपसी सहमति, व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पटना से सूरज की रिपोर्ट