Bihar News: पटना के गौरिचक थाना क्षेत्र स्थित बिहटा-सरमेरा फोरलेन पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के बरावां गांव निवासी 27 वर्षीय सूरज मलाकार और उनकी 25 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। दोनों ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
इस दौरान पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि पथराव में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।