PATNA: बिहार में पिछले 10 वर्षों से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब के सेवन और तस्करी से जुड़े मामले लगातार सामने आते रहते हैं। ताजा मामला राजधानी पटना का है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के सामने एक कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन में लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, अगला पहिया पंक्चर हो गया और पिलर भी टूट गया।


कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BRO1PU 1615 बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर मुख्यमंत्री आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस कार चालक को अपने साथ लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।


कार चालक की पहचान पटना के अलकापुरी निवासी विकास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ओला, उबर और रैपिडो के लिए गाड़ी चलाते हैं। विकास के मुताबिक, वह कृष्णापुरी से अपने घर अलकापुरी जा रहा था। हादसे के बाद जब मीडिया ने उनसे बातचीत की तो वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। हालांकि, उन्होंने शराब पीने की बात से इनकार किया।


मीडिया के सवालों पर चालक ने पहले बताया कि वह परिवार के साथ था। जब उनसे पूछा गया कि परिवार कहां है तो उसने कहा कि परिवार को घर छोड़ आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह कृष्णापुरी से अलकापुरी अपने घर जा रहा था।


वहीं, पुलिस का कहना है कि कार का एक्सीडेंट हुआ है। चालक को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसने शराब का सेवन किया था या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।