PATNA: शनिवार को मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह अचानक मोकामा रेफरल अस्पताल पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के जर्जर भवन की स्थिति देखी। भवन की दीवारों में आई दरारें, टपकती छत और अन्य अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जर्जर भवन की जल्द से जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान मोकामा के मोलदियार निवासी मदन सिंह और राहुल आनंद ने भी विधायक से मुलाकात की। दोनों ने अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा, MRI और सिटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने की मांग की। स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी विधायक के सामने रखा।
विधायक अनंत सिंह ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और अस्पताल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार का आश्वासन दिया।
विधायक के निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि रेफरल अस्पताल की व्यवस्था में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।