PATNA: डॉक्टर अक्सर मरीज को यह सलाह देते हैं कि आप किसी तरह का टेंशन ना लें। लेकिन टेंशन है कि आ ही जाती है, जिसके चलते असमय मौतें भी हो रही है। ताजा मामला पटना के मोकामा से जुड़ा हुआ है। जहां चिंतामणिचक मोहल्ला निवासी 54 वर्षीय रघुनंदन प्रसाद की हार्ट अटैक से गुजरात में मौत हो गयी। वो गुजरात के अंकलेश्वर में गार्ड की नौकरी कर रहे थे।
लेकिन जैसे ही उन्हें फोन पर यह सूचना दी गयी कि उनके छोटे भाई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है, तब कुछ ही देर बाद दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गयी। छोटे भाई की गिरफ्तारी की खबर से वो गहरे सदमें में चले गये और हार्ट अटैक से जान चली गयी। बताया जाता है कि उनके मोकामा स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी की थी। जहां से उनके छोटे भाई रंजन को गिरफ्तार किया गया। घर से एक पिस्टल, कारतूस और शराब बरामद किया गया।
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई पर परिजनों ने सवाल भी उठाए और इसे साजिश करार दिया। परिजनों का कहना था कि एक जमीन को लेकर रंजन का विवाद चल रहा था। उनके यहां हथियार रखकर रंजन को झूठे केस में फंसाया गया। परिजनों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने रंजन को गिरफ्तार कर लिया। इस खबर की जानकारी जब रंजन के बड़े भाई को हुई तो वो यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाये और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गयी। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।