Bihar News : पटना में गुरुवार को महागठबंधन के लोकभवन मार्च के दौरान लोकभवन गेट के सामने उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब RJD नेताओं और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के काफिले का आमना-सामना हो गया। घटना उस वक्त हुई, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के नेता SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च करते हुए राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे थे।


महागठबंधन की ओर से गुरुवार को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजभवन मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगहों पर धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति भी बनी।


तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के बाद जब तेजस्वी यादव और RJD के नेता वापस लौट रहे थे, उसी दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी राज्यपाल से मिलने के लिए लोकभवन की ओर जा रहे थे।


बताया जा रहा है कि इसी बीच लोकभवन गेट के सामने दोनों पक्षों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आमना-सामना हो गया। RJD नेताओं ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।


लोकभवन के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। महागठबंधन के मार्च को देखते हुए इलाके में बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग पर चढ़ने और उसे पार करने की कोशिश को लेकर भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी।


यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ, जब बिहार में SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। महागठबंधन इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रहा है और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज करा रहा है। गुरुवार का पटना मार्च इसी अभियान का हिस्सा था।