Bihar Raid News : पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी पटना स्थित जल भवन में छापेमारी की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में एसयूवी की टीम ने छापेमारी की है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU)की टीम ने राजेंद्र कुमार (अधीक्षण अभियंता ) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के दर्ज मामले में आज छापेमारी की है। अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार अपने विभाग लघु जल संसाधन विभाग में अनुश्रवण के अतिरिक्त प्रभार में है ।बताया जा रहा है कि राजेंद्र कुमार पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। इनकी पोस्टिंग वर्तमान में लधु जल संसाधन विभाग के छपरा अंचल में अधीक्षण अभियंता के तौर पर है।
इसी मामले की जांच के सिलसिले में SVU की टीम ने उनके ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की है। राजेंद्र कुमार ने मुंबई के पनवेल इलाके में करीब 75 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसकी वर्तमान कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। SVU की टीम पटना स्थित जल भवन के अलावा बिहार के 5 ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। टीम द्वारा संबंधित दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।