PATNA:माउंटेन मैन के नाम से पहचाने जाने वाले दशरथ मांझी को उनकी पुण्यतिथि पर लोगों ने याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। पर्वत पुरुष दशरथ मांझी को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की मांग को लेकर भारी संख्या में दलित और महादलित समाज के लोग आरजेडी दफ्तर में पहुंचे, जहां उनकी पुण्यतिथि मनाई गयी।
इस कार्यक्रम में शामिल होने आए दलित और महादलित समुदाय के लोगों ने एक सूर में पर्वत पुरुष दशरथ मांझी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यालय में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग डीजे ट्रॉली लेकर आरजेडी दफ्तर में पहुंच गये और इस दौरान जमकर ठुमके लगाये।
दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के मौके आए लोगों के डीजे पर डांस करता देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गये। कुछ लोग डांस करते-करते आरजेडी दफ्तर के प्रांगण में लगी दशरथ मांझी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने लगे। सैकड़ों की तादाद में राजद कार्यालय पहुंचे दलित और महादलित समुदाय के लोगों से जब पूछा गया कि आप यहां किस लिए आएं है, तो ज्यादातर लोगों ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया।
महिलाओं का तो कहना था कि वो तेजस्वी यादव से 3 डिसमिल जमीन मांगने आए हैं। तो वही कुछ लोगों का कहना था कि दशरथ मांझी की रैली में आए है, वो हमलोग के जाति से थे। जब मीडिया ने पूछा कि दशरथ मांझी कौन थे? तब इसका जबाव लोगों ने नहीं दिया। वही हाथ में दशरथ मांझी की पोस्टर लेकर आए शख्स ने कहा कि हम दादा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की मांग करने पटना आये हैं।