Bihar Weather Update: बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तेज आंधी के सात बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।


आईएमडी ने दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, पटना, भोजपुर, बक्सर में बारिश और वज्रपात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है जबकि वैशाली, नालंदा, सारण, बांका समेत कई जिलों में बारिश को लेकर तत्कालीक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इन जिलों में तेज मेघ गर्जन, वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क और सावधान रहें। अगर खुले में हैं तो तुरंत किसी पक्के मकान में शरण ले लें। पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान खेतों में न जाएं और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें।


बता दें कि बिहार में पिछले कुछ दिनों से बारिश और वज्रपात के साथ साथ तेज आंधी का दौर शुरू है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में राज्य में ऐसे ही हालात बने रहेंगे। बारिश के कारण भीषण गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है हालांकि राज्य के कई जिलों में भारी जान माल की क्षति भी हुई है।