Bihar Weather Alert: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी भाग में बने कम दबाव के क्षेत्र और समुद्र तल पर सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण शनिवार, 11 जुलाई को पूरे बिहार में मौसम खराब रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है।
इसके अलावा रोहतास, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय के कई इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने सीमांचल और मिथिलांचल के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अररिया, किशनगंज, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और सिवान के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि मेघगर्जन या बिजली चमकने के समय खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा तुरंत किसी पक्के और सुरक्षित भवन में शरण लें।