Bihar Teacher News: बिहार में शिक्षा विभाग काफी एक्टिव नजर आ रहा है। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए विभाग की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के द्वारा कई नियम लाए जा रहे हैं। जिससे सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़े। इसी बीच शिक्षा विभाग ने बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर नया नियम लागू किया है। 


जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग ने यह फैसला किया है कि अब राज्य के सभी प्राइमरी स्कूल में हर दिन कम से कम 3 शिक्षक और मिडिल स्कूल में 5 शिक्षक की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इतना ही नहीं यदि निर्धारित संख्या से कम शिक्षक उपस्थित पाए जाते हैं तो इससे जुड़े हुए अधिकारियों पर एक्शन लिया जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों को 30 सितंबर तक शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी होगी।


मालूम हो कि,शिक्षा विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई शिक्षक एक ही साथ छुट्टी ले लेते हैं। इससे कक्षाएं प्रभावित होती थीं और छात्रों की पढ़ाई बाधित होती थी। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने यह मानक तय किया है ताकि एक साथ 2 से 5 शिक्षक छुट्टी पर न जा सकें। इसके साथ ही बेहतर शिक्षा का माहौल कायम हो सके। 


इधर, 10 से 18 सितंबर तक हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम 27 सितंबर को प्रकाशित किया जाएगा। यह रिजल्ट पीटीएम (पेरेंट्स-टीचर्स मीटिंग) के दौरान अभिभावकों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बच्चों की पढ़ाई की स्थिति समझ सकें।