Bihar News: बिहार में शुक्रवार की शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी और बारिश के कारण राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में भारी तबाही हुई है। बारिश और आंधी के कारण पटना समेत राज्य के अन्य जिलों में अबतक सात लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सात लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। 


सीएम सम्राट चौधरी के कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि राज्य में वज्रपात से भोजपुर में 01, पटना में 01, समस्तीपुर में 01 और पूर्वी चंपारण में 01 तथा आंधी-तूफान/तेज वर्षा से पेड़ गिरने के कारण दबकर पटना में 02 एवं वैशाली में 01 व्यक्ति की मृत्यु पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।