Bihar News: जमुई में छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और दुर्व्यवहार की घटना सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय एक्शन में आ गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर घटना की जांच के लिए महिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर घटना के दोषियों को सजा दिलाई जाएगा।
बिहार पुलिस मुख्यालय के एडीजी विधि व्यवस्था के एस अनुपम ने बताया कि मामले में तीन नाबालिग को डिटेन किया गया है। वहीं घटना में शामिल दो अन्य युवकों की पहचान की गई है, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एडीजी के बताया कि जांच के लिए महिला एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटना के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोक्सो एक्ट के तरह केस दर्ज किया गया है। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियो को सजा दिलाई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
वहीं एडीजी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म से वीडियो को टेकडाउन कराया गया है। पुलिस ने वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। जिन लोगों या वेबसाइट ने नाबालिग का चेहरा दिखाते हुए वीडियो प्रसारित किया है, ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।