PATNA: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित बिहार की दोनों महिला शिक्षिकाओं को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
गोपालगंज के कुचायकोट स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और बांका के बिदायडीह स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चुना गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में दोनों शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की दोनों महिला शिक्षिकाओं का सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षक अपने उत्कृष्ट कार्यों और समर्पण के माध्यम से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। दोनों शिक्षिकाओं की उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
शिक्षा मंत्री ने दोनों शिक्षिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका सम्मान और उपलब्धियां राज्य के अन्य शिक्षकों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेंगी।