Bihar IPS Transfer: बिहार में एक बार फिर आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने 6 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौट सीनियर आईपीएस अधिकारी रत्न संजय को बड़ी जिम्मेवारी मिली है।
भारतीय पुलिस सेवा के 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी रत्न संजय लंबे समय बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से बिहार लौटे हैं और पदस्थापन की प्रतिक्षा में पुलिस मुख्यालय में एक दिन पहले ही ज्वाइन किया था। उन्हें लॉ एंड ऑर्डर का एडीजी बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें अपर पुलिस महानिरीक्षक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बता दें कि सीवान के चर्चित तेजाब कांड के दौरान सीवान में तत्कालीन जिलाधिकारी (डीएम) सीके अनिल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) रत्न संजय तैनात थे। दोनों अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन के प्रतापपुर स्थित आवास पर छापेमारी की थी।
बताया जाता है कि डीएम सीके अनिल और एसपी रत्न संजय के नेतृत्व में हुई इस संयुक्त छापेमारी के दौरान शहाबुद्दीन के घर से पाकिस्तान में निर्मित हथियार बरामद किए गए थे। बरामद हथियारों में एके-47 राइफल भी शामिल थी, जिस पर पाकिस्तानी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मुहर होने की बात सामने आई थी।
छापेमारी के दौरान हथियारों के अलावा बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। इसके साथ ही, आवास से जंगली जानवरों के खाल, जिनमें शेर और हिरण की खाल शामिल बताई गई थीं, भी बरामद हुई थीं।
इस कार्रवाई के बाद तत्कालीन डीएम सीके अनिल और एसपी रत्न संजय की भूमिका काफी चर्चा में रही थी। दोनों अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई को सीवान में अपराध के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के तौर पर याद किया जाता है।