Bihar EOU Raid: पटना में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार सुबह उनके चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की.
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, कमलेश कुमार के खिलाफ ज्ञात आय के वैध स्रोतों से 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है. यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 103.30 प्रतिशत अधिक बताई गई है. इसी आधार पर EOU थाना कांड संख्या 24/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है.
विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद 22 सितंबर की सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों को तलाशी के लिए भेजा गया.
कमलेश कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. EOU की टीम उनके जंदाहा स्थित पैतृक आवास के साथ पटना के अलग-अलग इलाकों में स्थित संपत्तियों और उनके सरकारी कार्यालय में भी जांच कर रही है.
इन चार ठिकानों पर चल रही तलाशी
EOU की कार्रवाई जंदाहा स्थित सर्वोदय मैदान के पास उनके पैतृक आवास, पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र में रामकृष्ण पथ स्थित मनमोहन अपार्टमेंट के फ्लैट, राजीव नगर रोड नंबर 25C स्थित मेघा बिल्डिंग और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) के कार्यालय कक्ष में चल रही है.
आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि सत्यापन के दौरान कमलेश कुमार की ज्ञात आय और संपत्ति से जुड़ी जानकारी की जांच की गई. इसी क्रम में प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का साक्ष्य मिलने के बाद तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई है.
EOU की अलग-अलग टीमें चारों स्थानों पर दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं. तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की बात आर्थिक अपराध इकाई की ओर से कही गई है.