PATNA: बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्यभर में 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ शुभारंभ किया जाएगा।
इसे बिहार को उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके साथ ही, विश्वविख्यात विक्रमशिला विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
लगभग 220 एकड़ भूमि पर केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होने जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और अकादमिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस बात की जानकारी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि "बिहार में 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का कल एकसाथ शुभारंभ होगा। यह पहल बिहार को उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार का सशक्त केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। साथ ही विश्वविख्यात विक्रमशिला की गौरवशाली विरासत को नई ऊर्जा देते हुए लगभग 220 एकड़ भूमि पर केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होने जा रहा है।"