BEGUSARAI: बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सुरो बनियाटोल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर रविवार को भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और चार वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बस और अपाची बाइक की टक्कर में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृत बच्चियों की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कनसारा गांव निवासी राजेंद्र महतो की सात वर्षीय पुत्री अमरपाली और पांच वर्षीय पुत्री मानसी के रूप में हुई है। घायलों में राजेंद्र महतो, उनकी 25 वर्षीय पत्नी करिश्मा कुमारी और चार वर्षीय पुत्र रंगबाज कुमार शामिल हैं।
बताया जाता है कि राजेंद्र महतो अपने परिवार के साथ घूम-घूमकर जीवनयापन करते हैं। परिवार के कुछ सदस्य बेगूसराय के बेगमसराय गांव में टेंट लगाकर ठहरे हुए थे। राजेंद्र अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ वैशाली से बेगूसराय आ रहे थे। इसी दौरान सुरो बनियाटोल के पास बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
पीछा कर रानी चौक के पास पकड़ी गई बस
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रानी चौक के समीप बस को रोक लिया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त बस और अपाची बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री झंझारपुर से मुंडन संस्कार के लिए सिमरिया गंगा घाट, देवघर और बासुकीनाथ जा रहे थे।
दो बच्चियों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमरपाली और मानसी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल माता-पिता और उनके बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना में दो बच्चों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो मासूम बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस परिवार को बेगमसराय पहुंचकर अपने साथियों से मिलना था, उसका सफर रास्ते में ही मातम में बदल गया।