PATNA:सोमवारी के दिन बिहार में अलग-अलग हादसे में कई लोगों की मौतें हो गयी है। लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर हुए हादसे में 8 महिलाओं की मौत हो गई। तो वही कटिहार में कमला नदी में नहाने गए पांच बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। गहरे पानी में जाने से तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया।


 वही अब बड़ी खबर बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर स्थित रानी सराय जहाज घाट से आ रही है, जहां गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि 7 लोग एक साथ गंगा स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान दो लोग गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी गंगा में डूब गए। इस तरह कुल चार लोगों के डूबने की सूचना है।


घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन को सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचित किया गया है। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में डूबे लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों की ओर से मामले की निगरानी की जा रही है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।