PATNA: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के प्रति लोगों की दीवानगी लगातार देखने को मिल रही है। कुछ दिन पहले ही जहानाबाद से 75 किलोमीटर तक दौड़ते हुए साढ़े आठ घंटे में 6 युवक पटना स्थित अनंत सिंह के आवास पर पहुंचे थे। जिन्हें देखकर अनंत सिंह काफी खुश हुए और युवकों को अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इसी तरह का एक और मामला सामने आया है।
जो अनंत सिंह के जबड़ा फैन से जुड़ा हुआ है। जिसका नाम बम बिहारी टाइगर है, जो बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। गले में रुद्राक्ष धारण किये, हाथ में अनंत सिंह और उनकी बेटी एवं होने वाले दामाद की तस्वीर और पीठ पर भारी बैग लादकर बम बिहारी टाइगर समस्तीपुर से रात के ढाई बजे अनंत सिंह के घर के लिए निकला था। समस्तीपुर के अंगार घाट से मोकामा घाट जिसकी दूरी 130 किलोमीटर है, अनंत सिंह के इस जबड़ा फैन ने इस दूरी को दौड़ते हुए तय किया।
खास बात यह है कि जिस फोटो को वह हाथ में पकड़ा हुआ दिख रहा है, वह तस्वीर उसने अपने खून से तीन दिन में बनाई है। सीरिंच से अपना ब्लड निकालकर बम बिहारी टाइगर ने यह फोटोग्राफ खुद बनाया है। उसका कहना है कि वो छोटे सरकार अनंत सिंह की बिटिया रानी की शादी में शामिल होने और बधाई देने जा रहा है।
उसका कहना है कि वह समस्तीपुर के अंगार घाट से मोकामा घाट तक 130 किलोमीटर की यात्रा दौड़ते हुए तय किया है। वह अनंत सिंह का बहुत बड़ा फैन है, उनकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उसने दौड़ते हुए अनंत सिंह के घर जाने का फैसला लिया था, जिसे उसने पूरा किया है। अनंत सिंह के इस जबड़ा फैन को देखकर लोग भी हैरान रह गये।
बता दें कि इससे पहले 6 युवक जहानाबाद से 75 किलोमीटर दौड़कर साढ़े आठ घंटे में पटना स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे। जहानाबाद से पटना आए युवकों का कहना था कि वे अनंत सिंह के बहुत बड़े फैन हैं और उनसे मिलने की ख्वाहिश लंबे समय से थी।
तब इन 6 युवकों ने बताया था कि वे हमेशा लंबी दूरी की दौड़ यानी लॉन्ग रनिंग करते हैं। अनंत सिंह की आवाज और उनका अंदाज उन्हें काफी पसंद है। उनके मुताबिक, अनंत सिंह से मिलने के लिए लोग गाड़ी और ट्रेन से पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्होंने उनसे मिलने के लिए कुछ अलग करने की सोची और जहानाबाद से दौड़ते हुए पटना पहुंच गए। जहानाबाद के 6 युवकों की इस अनोखी दीवानगी को देखकर अनंत सिंह ने भी उनका स्वागत किया था। उनसे मुलाकात के बाद युवक काफी उत्साहित नजर आए थे। अनंत सिंह ने अंग वस्त्र देकर सभी युवाओं को सम्मानित किया था।