Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। पटना के बाढ़ क्षेत्र स्थित नदवां गांव में होने वाले इस भव्य विवाह समारोह में शाही इंतजाम किए गए हैं। शादी के कार्यक्रमों के साथ-साथ 25 नवंबर को आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें विजेताओं को शानदार गाड़ियां इनाम में दी जाएंगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बुलेट और तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को स्कूटी दी जाएगी। घुड़दौड़ का आयोजन 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
शादी समारोह की शुरुआत 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत कार्यक्रम से होगी। इस दौरान परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार जश्न में शामिल होंगे। शाम को भोजपुरी और पारंपरिक शादी के गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भव्य पंडाल और मंच तैयार किया गया है।
वहीं, 25 नवंबर को सुबह बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
मेहमानों के खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। आयोजन से जुड़े दावों के मुताबिक, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि तिलक समारोह में दामाद ऋषिकेश कुमार को लैंड रोवर डिफेंडर पहले ही उपहार में दी जा चुकी है। वहीं, बेटे अभिनव को BMW दिए जाने की भी चर्चा है। शादी समारोह में बिहार के कई बड़े राजनीतिक नेताओं और चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। VIP मेहमानों के लिए आयोजन स्थल पर पांच हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं।
हालांकि, लगातार बारिश के कारण आयोजन स्थल पर कीचड़ की समस्या पैदा हो गई थी, लेकिन मौसम साफ होने के बाद तैयारियों ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। अब सबकी नजरें 25 नवंबर को होने वाले भव्य विवाह समारोह और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर टिकी हैं।