PATNA:एक बार फिर महंगाई की मार लोगों को झेलनी पड़ेगी, दरअसल अमूल ने पूरे देश में दूध का दाम बढ़ा दिया है। कल गुरुवार से नई दर लागू होगी। अमूल ने कहा कि पशु आहार और पैकेजिंग की बढ़ती लागत के कारण दूध के दाम में इजाफा किया गया है, ताकि दूध उत्पादित करने वाले किसानों और डेयरी पर इसका असर ना हो।
देशवासियों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद लोगों को लगने लगा था कि अब पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़ सकता है, इन संभावनाओं के बीच लोग पेट्रोल पंप जाकर गाड़ी की टंकी फुल करवा रहे थे कि तभी अमूल ने देशभर में दूध के दाम बढ़ा दिये। दूध के मूल्य में प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
यह बढ़ोतरी 14 मई 2026 दिन गुरुवार से प्रभावी होगी। अमूल कंपनी ने दो रूपये की बढ़ोतरी चारा की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए की है। बताया जाता है कि पशु आहार और पैकेजिंग की बढ़ती लागत के चलते अमूल ने दूध के दाम बढ़ा दिया ताकि इसका असर पशुपालकों और डेयरी पर ना पड़े।
अभी अमूल ने दो रूपये की वृद्धि दूध पर की है, अब लोगों की नजर सुधा पर टिकी हुई है। लोगों को लग रहा है कि सुधा, राज सहित अन्य डेयरी भी कही दूध का दाम ना बढ़ा दे। दूध के दामों में बढ़ोतरी होने से लोगों में मायूसी देखने को मिल रही है। लोग दबी जबान कह रहे हैं कि महंगाई ने हमारी कमर तोड़कर रख दी है, हर कोई इस महंगाई से परेशान हैं, लेकिन केन्द्र और राज्य सरकार महंगाई रोकने में असफल साबित हो रही है।