PATNA : राजधानी पटना की सड़कों पर सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. बुधवार को भी कई जगहों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान कमिश्नर, ट्रैफिक एसपी सहित एमवीआई तक सड़क पर मौजूद रहे. जांच के दौरान ट्रैफिक नियक तोड़ने वाले लोग तरह-तरह के बहाने बनाते नजर आए.
जमुई से राजद विधायक विजय प्रकाश की गाड़ी का भी वाहन जांच के दौरान चालान काटा गया. पौने चार बजे जमुई विधायक की गाड़ी पटना म्यूजियम के पास पहुंची, विधायक की पत्नी ने सीट बेल्ट नहीं पहना था. जिसके बाद पुलिस ने उनका चालान काट दिया. चालान कटता देख विधायक के बॉडीगाॉर्ड नीचे उतर धमक दिखाने लगा, पर CCTV कैमरा को देख पीछे हट गया और विधायक को एक हजार जुर्माना देना पड़ा.
वहीं वाहन जांच के दौरान लोग तरह-तरह के बहाने बनाते नजर आएं. किसी ने पीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती मरीज को देखने की बात कही तो कोई शमशान घाट जाने की बात करने लगा. लेकिन ट्रैफीक पुलिस ने किसी की एक न सुनी और सबका चालान काटा.