BETTIAH: बेतिया में गुरुवार को रेल सुरक्षा बल (RPF) एवं अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा ट्रेन संख्या 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेन की पैंट्री कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने से हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान पैंट्री कार मैनेजर संतोष शाह के केबिन से 750 एमएल की 31 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं पैंट्री मैन राज कुमार के कब्जे से 750 एमएल की 24 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा सफाई कर्मी गोविंद कुमार के पास से 180 एमएल की दो बोतल और सफाई कर्मी रिकी कुमार के पास से तीन बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। छापेमारी के दौरान कुल 60 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 42.165 लीटर बताई गई है।
रेल सुरक्षा बल और पुलिस ने शराब बरामदगी के मामले में संबंधित कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं?