Bihar Road Accident: बिहार के बेतिया में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मझौलिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेतिया के मछली लोक के पास रात करीब दो बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान बानूछापर वार्ड संख्या-29 निवासी वीरेंद्र यादव के पुत्र गुलशन कुमार तथा प्रेम प्रसाद गुप्ता के पुत्र चेतन कुमार के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान तथा चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया