Bihar News: बेतिया के चकिया से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एनएच-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर जा रहा मुर्गी लदा पिकअप दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पश्चिम पहुंची, तभी चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और 11 हजार वोल्ट बिजली के खंभे से जा टकराया।
इस हादसे में चालक शंकर सरैया निवासी बच्चन यादव के पुत्र अरविंद कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी वसीम और मलाही थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना आलम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर डायल 112 और चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद एनएचएआई की क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को हटाया गया।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया