Bihar News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज नगर के एक मोहल्ले से कथित रूप से अपहृत युवती का अपने प्रेमी के साथ बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो में युवती अपने प्रेमी के साथ नजर आ रही है और दावा कर रही है कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है।
वीडियो में वह कहती है कि इस मामले में उसके पति और ससुराल पक्ष के किसी भी सदस्य का कोई दोष नहीं है। साथ ही उसने यह भी कहा है कि यदि उसके पति या ससुराल के लोगों के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसके लिए उसके परिजन जिम्मेदार होंगे।
इधर, शिकारपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कराई जा रही है।
युवती के पिता ने शिकारपुर थाना में 7 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज एफआईआर में सूरज कुमार समेत पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। आरोप लगाया गया है कि उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से 4 जुलाई को भगा लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट…