Bihar News: बेतिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हादसे में 40 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. घटना बगही बघम्बरपुर पंचायत के निमुईया कुंड के पास की है. मृतक की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के तुनिया अंसारी टोला निवासी स्व. शहीद मियां के पुत्र सफरुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बाढ़ के तेज पानी के कारण निमुईया कुंड के पास बनी पुलिया ध्वस्त हो गई थी. इसके बाद आवागमन बहाल करने के लिए वहां डायवर्सन का निर्माण कराया जा रहा है. बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे निर्माण कार्य देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी. सफरुद्दीन भी डायवर्सन का निर्माण देखने के लिए वहां पहुंचे थे.
इसी दौरान पुलिया के पास अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे. पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए. हादसा होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत पानी में उतरकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया.