Bihar Flood News: बेतिया के बैरिया में बढ़ते जलस्तर और तेज जलप्रवाह के बीच शुक्रवार को पुजहां-पटजिरवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। निमुईया कुंड के समीप छोटेलाल चौक के पास पानी के तेज दबाव से पुल और नहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। सड़क टूटने के बाद इस मार्ग पर वाहनों के साथ पैदल राहगीरों की आवाजाही भी बंद हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गोलाघाट डुमरी के पास चंपारण तटबंध टूटने के बाद इलाके में पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसी तेज धार के कारण निमुईया कुंड के पास पुल और नहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। मार्ग बंद होने से बगही बघम्बरपुर, सिसवा सरैया, तुमकड़िया, सिरिसिया और बलुआ समेत आसपास के कई गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बेतिया और अन्य बाजारों की ओर जाने वाले लोगों को अब वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। पुल टूटने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रास्ता बंद मिलने पर कई वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी का दबाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के अन्य संपर्क मार्ग भी प्रभावित हो सकते हैं। इससे दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन की समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..