Bihar News: दीपावली के दिन रविवार को प्रजापति हाल्ट ओवरब्रिज से बेतिया की तरफ रेलवे ट्रैक के समीप एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। त्योहार के दिन महिला का शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कालीबाग थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के कवलापुर निवासी मुन्ना साह की 45 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच अस्पताल, बेतिया भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। रेलवे ट्रैक के समीप शव मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की मौत रेल हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की स्थिति और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। दीपावली जैसे पर्व के दिन महिला का शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..