Bihar News: बड़ी खबर बेतिया से हैं जहां नौतन थाना क्षेत्र के धुमनगर बड़होरिया स्थित बड़ी नहर के 32 आरडी फाटक के पास रविवार को नहाने के दौरान एक 24 वर्षीय युवक तेज धार में लापता हो गया। तीन दिनों के भीतर नहर में नहाने के दौरान दूसरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। लापता युवक की पहचान खड्डा रहिमपुर निवासी हस्मुल्लाह खां के 24 वर्षीय पुत्र मासूम अली के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मासूम अली नहर के दूसरे किनारे कपड़े उतारकर नहाने के लिए जाने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे नहर में जाने से मना किया। इसके बावजूद वह 32 आरडी फाटक के दूसरे किनारे स्थित पाये से नहर में छलांग लगा दिया। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार, मासूम अली की मां घर पर रहती हैं, जबकि उसके पिता और भाई बाहर काम करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मासूम अली मानसिक रूप से कमजोर था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। तीन दिनों में नहर में नहाने के दौरान दूसरी घटना होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..