Bihar Police News: पश्चिम चंपारण के बेतिया में मझौलिया थाना क्षेत्र में बारात में जा रही DJ गाड़ियों से कथित वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 28 अप्रैल की रात, जब बारात के साथ जा रही कुछ DJ गाड़ियों को पुलिस गश्ती दल द्वारा रास्ते में रोका गया था। 


इसी दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों पर परमिशन के नाम पर “खर्चा-पानी” मांगने का आरोप लगाया गया। वीडियो में यह भी दिखा कि कैमरा ऑन होते ही कुछ पुलिसकर्मी वहां से हटते नजर आए। 


घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई और लोगों ने कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। शुक्रवार को बेतिया पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने मामले में कार्रवाई करते हुए मझौलिया थाना की गश्ती टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक जनार्दन पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। 


वहीं वीडियो में दिख रहे दो गृहरक्षकों बलिराम महतो और पन्नालाल चौधरी का अप्रैल 2026 का वेतन रोकते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी के इस बड़े एक्शन के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..