Bihar News: नवादा जिले के हरिश्चंद्र स्टेडियम में रविवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. यहां खेलते समय स्टेडियम का भारी लोहे का गेट अचानक गिरने से 8 वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है.
मृतक बच्चे की पहचान पुरानी जेल रोड निवासी रुपेश कुमार के पुत्र दीपक कुमार (8 वर्ष) के रूप में की गई है. बताया जाता है कि दीपक रोज की तरह शाम करीब 5 बजे स्टेडियम में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान गेट नंबर तीन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में बच्चा आ गया.
गेट गिरने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे उठाकर सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.
स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्टेडियम का यह गेट पहले भी कई बार खराब हो चुका था और गिरने की स्थिति में था. इसके बावजूद इसकी मरम्मत या बदलाव को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते लापरवाही नहीं की जाती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था.
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई और स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल जांच की मांग की है. साथ ही स्टेडियम में मौजूद अन्य खतरनाक संरचनाओं को भी तुरंत ठीक करने की मांग उठाई जा रही है.
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.