Bihar News: बिहार के नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में 55 वर्षीय भरत चौधरी की करंट लगने से मौत हो गई। उनका शव गुरुवार को उनके ही खेत से मिला। 



परिजनों ने बताया कि जंगली सूअर मारने के लिए खेत में बिजली का तार बिछाया गया था। भरत चौधरी 6 अक्टूबर की रात खेत में मोटर चलाकर सिंचाई करने गए थे। रात करीब 2 बजे वह दोबारा खेत देखने निकले, जिसके बाद उनका पता नहीं चला। 



उनकी पत्नी ने बुधवार को थाने में उनके लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा, जहां से उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। 



डीएसपी सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, इस घटना के बाद परिवार में कोहाराम मच गया है।