Bihar Crime News: नालंदा के हरनौत में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि दरवाजा खोलने में हुई देरी से नाराज पति ने पत्नी के सिर में गोली मार दी. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.
मामला कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव का है. मृतका की पहचान 26 वर्षीय कांति देवी के रूप में हुई है. आरोपित की पहचान गांव निवासी लड्डू मांझी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि लड्डू मांझी ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता है और करीब दो महीने बाद दरभंगा से कमाकर अपने घर लौटा था.
गुरुवार रात नशे में घर पहुंचा पति
स्वजन के अनुसार, लड्डू मांझी गुरुवार रात नशे की हालत में घर पहुंचा था. उस समय दरवाजा खोलने में किसी वजह से देर हो गई. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लड्डू मांझी ने अपनी पत्नी कांति देवी के सिर में गोली मार दी.
गोली लगने के बाद कांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
आरोपित की मां के अनुसार, लड्डू मांझी मोटरसाइकिल खरीदना चाहता था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी. बताया गया कि इस बात को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था. घटना वाली रात दरवाजा खोलने में हुई देरी के बाद विवाद बढ़ गया और गोली चल गई.
हथियार के साथ पति गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण बिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष निशा भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आरोपी लड्डू मांझी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है.