MUZAFFARPUR: बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर नामांकन पत्रों की बुधवार, 7 अक्टूबर को संवीक्षा की गई। यह प्रक्रिया आयुक्त कार्यालय, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर में निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूरी की गई।


तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इस दौरान कुल 20 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था। वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।


तीन नामांकन पत्र अस्वीकृत

भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। संवीक्षा के दौरान तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तीन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र अस्वीकृत कर दिए गए।


अस्वीकृत नामांकन वाले अभ्यर्थियों में राकेश कुमार सिंह, अवधेश प्रसाद सिंह और असेश्वर राय शामिल हैं।


नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी होने के बाद अब तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 17 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं।


9 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का मौका

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम संख्या और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।


तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन की ओर से चुनावी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है।

मुजफ्फरपुर से राजन कुमार की रिपोर्ट