Bihar Train Accident: मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड पर रविवार सुबह एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. औराई थाना क्षेत्र के बेनीपुर में बागमती नदी के पास रेलवे लाइन के नीचे महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी.
सुबह रेलवे लाइन के पास शव मिलने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई. लोगों ने महिला को पहचानने की कोशिश की, लेकिन कोई उसकी पहचान नहीं कर सका. इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महिला की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है. पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या घटना के पीछे कोई और वजह है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी कई जानकारियां सामने आ सकेंगी. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ महिला के परिजनों का पता लगाने में जुटी है.