MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित फुलवरिया चौक पर सोमवार शाम साहेबगंज विधायक राजू सिंह की जमानत के बाद उनके समर्थकों द्वारा जमकर नारेबाजी और आतिशबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब आतिशबाजी रोकने और भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, तो समर्थक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और उन पर हमला कर दिया।
इस हमले में एक एएसआई, एक सिपाही और पुलिस वाहन का चालक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले अधिकांश उपद्रवी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस की ओर से पांच नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ अभिजीत कौर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले सभी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
घटना के अगले दिन मंगलवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने उस स्थान से साक्ष्य एकत्र किए, जहां आतिशबाजी की गई थी और पुलिस पर हमला हुआ था। इस दौरान स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और जांच में सहयोग करती रही।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।