Muzaffarpur Gas Pipeline Blast: बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में सड़क की खोदाई के दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. पाइपलाइन फटने के बाद गैस का तेजी से रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी. हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया.
जानकारी के अनुसार, गोबरसही इलाके में नाला निर्माण का काम चल रहा था. इसी दौरान सड़क की खोदाई के लिए मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि मशीन जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन से टकरा गई, जिससे पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद पाइपलाइन से पीएनजी गैस तेजी से बाहर निकलने लगी.
गैस रिसाव के कुछ ही देर बाद आग भड़क उठी. अचानक आग की लपटें उठने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई. अग्निशमन विभाग की टीम को भी सूचना दी गई. गैस रिसाव और आग से किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करा दिया.
फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. हादसे में घायल लोगों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है. निर्माण कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन कैसे क्षतिग्रस्त हुई, इसे लेकर भी जांच की जा रही है.