Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में दशहरा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। SSP कांतेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी की है।



SSP कांतेश मिश्रा ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया जा रहा है। हरिसभा, पंकज मार्केट और सिकंदरपुर चौक जैसे इलाकों में पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटती है, इसलिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।



महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडालों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही पुलिसकर्मी सादे लिबास में भी मुस्तैद रहेंगे। मनचलों और उपद्रव करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पहले दिन से ही कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया गया है।



दशहरा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी पुलिस ने कमर कस ली है। SSP ने कहा कि ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दशहरा के दौरान शहर में शांति-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।