MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार की रात करीब 10 बजे मेला देखने निकले एक युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना मोहनपुर सरकारी स्कूल के पास की है। घायल युवक की पहचान दाहिबान मोहनपुर गांव निवासी जगन्नाथ राय के पुत्र आशू कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है।
अपाचे बाइक छोड़कर फरार हुए बदमाश
जानकारी के अनुसार, आशू कुमार रविवार की रात मेला देखने चौक की ओर गया था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी कथित तौर पर अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक अपाचे बाइक बरामद की है।
बिजली विवाद की बात भी आई सामने
घायल युवक के बयान के अनुसार, घटना की सुबह बिजली को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, इस विवाद का गोलीबारी से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एसडीपीओ पूर्वी अलयवत्स ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बोचहां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को SKMCH भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
मुजफ्फरपुर से राजन कुमार की रिपोर्ट