MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के अमनौर पंचायत अंतर्गत महरौली गाँव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ महज ज़मीन के विवाद में एक नाबालिग बच्चे की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


रविवार शाम महरौली गाँव के रहने वाले सुशील साह के ग्यारह वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार की पड़ोसी ने गला रेतकर हत्या कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुशील साह का पट्टीदार से दो साल से ज़मीनी विवाद चल रहा था। मृतक विक्रम कुमार, सुशील साह का बड़ा पुत्र था।


घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना प्रभारी राजा सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की जाँच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष राजा सिंह ने फ़ोन पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शाम को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के महरौली में एक बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बगल के ही पड़ोसी से दो सालों से ज़मीनी विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते बच्चे की हत्या हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।