Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आपदा प्रबंधन विभाग ने बुधवार दोपहर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और मध्यम बारिश की आशंका जताते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी पहले अलर्ट में नालंदा और शेखपुरा जिलों के लिए दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चेतावनी जारी की गई थी। इसके कुछ ही मिनट बाद विभाग ने दूसरा अपडेट जारी करते हुए अलर्ट का दायरा बढ़ा दिया।
नए अलर्ट के अनुसार जमुई, दरभंगा, नवादा, नालंदा, पूर्वी चंपारण, बांका, मुजफ्फरपुर, लखीसराय, वैशाली, शिवहर, शेखपुरा, समस्तीपुर, सारण और सीतामढ़ी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। यह अलर्ट बुधवार शाम 4:10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
मौसम की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को घरों के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें। किसान, पशुपालक और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। पिछले वर्षों में वज्रपात की घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, इसलिए अलर्ट को गंभीरता से लेने की जरूरत है।