Bihar Love Affair Case: मुजफ्फरपुर में नौवीं कक्षा की छात्रा को शादी का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि साहेबगंज के एक युवक ने छात्रा को अपने भरोसे में लेकर घर में रखे तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने ले लिए. इसके बाद वह छात्रा को कांटी थाना क्षेत्र में एनएच किनारे छोड़कर फरार हो गया. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद छात्रा को बरामद किया. घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं.


मामला ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक का ननिहाल छात्रा के घर के ठीक बगल में है. इसी वजह से उसका मोहल्ले में आना-जाना लगा रहता था. इसी दौरान उसकी पहचान छात्रा से हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. आरोप है कि युवक ने छात्रा को शादी का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसा लिया.


घर से तीन लाख रुपये और गहने लेकर निकली छात्रा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को युवक ने छात्रा को शादी का झांसा देकर घर से बुलाया. उसके भरोसे में आकर छात्रा घर में रखे तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लेकर उसके साथ चली गई. इसके बाद युवक उसे दिनभर अलग-अलग जगहों पर घुमाता रहा. इसी दौरान आरोपी ने छात्रा के पास मौजूद नकदी और गहने अपने कब्जे में ले लिए.


कांटी में एनएच किनारे छोड़कर हुआ फरार

आरोप है कि नकदी और गहने लेने के बाद युवक छात्रा को कांटी थाना क्षेत्र में एनएच किनारे छोड़कर फरार हो गया. अचानक अकेली रह गई छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई. काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.


खोजबीन के दौरान परिजन कांटी थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां से छात्रा को बरामद कर घर लाया गया. घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया.


परिजनों का कहना है कि इस मामले में संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी. वे आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, परिवार शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है.