Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. शामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली मौजूद 7 वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले एक किशोर द्वारा गलत हरकत करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद बच्ची की मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है.


घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार बच्ची की मां किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी. घर में उस समय उसकी सात साल की बेटी अकेली थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला किशोर घर में पहुंचा और बच्ची के साथ गलत व्यवहार किया.


जब बच्ची की मां वापस घर लौटी तो बेटी रो रही थी. पूछने पर बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी. बेटी की बात सुनकर मां परेशान हो गई और तुरंत परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी. इसके बाद वह शामपुर थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.


मां ने अपने आवेदन में बताया कि आरोपी किशोर उनके पड़ोस में ही रहता है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.


मामले की जानकारी मिलते ही हवेली खड़गपुर एसडीपीओ अनिल कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और बच्ची से भी जरूरी जानकारी ली.


जांच को आगे बढ़ाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


पुलिस के अनुसार, बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके. वहीं आरोपी किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.


एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया था. शुरुआती जांच में आरोपी की उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.