MUNGER: मुंगेर में गणेश पूजा के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि पूजा स्थल के पास अचानक 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसी दौरान सिर में ईंट लगने से अनिल बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 


मुंगेर सदर अस्पताल से उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान 19 सितंबर को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना मुंगेर शहर के बेलदार टोली स्थित दुर्गा स्थान मंदिर परिसर के पास की है। 


मृतक अनिल बिंद के बेटे नीरज कुमार के मुताबिक, गणेश पूजा की रात करीब 10 बजे वह अपने मोहल्ले के मंदिर में स्थापित प्रतिमा के पास मौजूद थे। इसी दौरान मेस्तर टोली और मुसहर टोली की ओर से 100 से अधिक लोगों की भीड़ लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंची और पथराव शुरू कर दिया।


पथराव के दौरान एक ईंट अनिल बिंद के सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान 19 सितंबर को अनिल बिंद की मौत हो गई।


घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस घाटना के बाद बेलदार टोली के लोग अब मेस्तर टोली (मुसहर टोली) को हटाने कि मांग कर रहे है।

MD. इम्तियाज खान की रिपोर्ट